04/07/2026
कुशीनगर में 11.32 करोड़ की लागत से बनाया भव्य बुद्ध थीम पार्क, जल्द होगा उद्घाटन, योगी सरकार ने कुशीनगर में 11.32 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य बुद्ध थीम पार्क का निर्माण पूरा कर लिया है, जिसका जल्द ही उद्घाटन होगा। यह पार्क बोधि वृक्ष, 3डी गैलरी और लाइट एंड साउंड शो जैसी आधुनिक सुविधाओं के साथ बौद्ध दर्शन का अनूठा अनुभव प्रदान करेगा, जिससे कुशीनगर की वैश्विक पहचान मजबूत होगी। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा गौतम बुद्ध संग्रहालय के नजदीक लगभग 11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बुद्ध थीम पार्क का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। यह पार्क जल्द ही आम जनता के लिए खोला जाएगा।
आधुनिक तकनीक, आध्यात्मिक अनुभव और बौद्ध विरासत के अद्भुत संगम के रूप में विकसित यह थीम पार्क देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भगवान बुद्ध के जीवन, दर्शन और करुणा के संदेश से जोड़ने का नया माध्यम बनेगा।