03/03/2018
#चिन्यालीसौड़ ( #उत्तरकाशी)। वायुसेना की सक्रियता के बाद अब नागरिक उड्डयन विभाग ने भी हवाई पट्टी का जनहित में उपयोग करने की कवायद शुरू कर दी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। सब कुछ ठीक रहा तो आगामी यात्रा सीजन से स्थानीय लोगों एवं तीर्थयात्रियों को देहरादून से चिन्यालीसौड़ के बीच हेली सेवा सुविधा मिलेगी।
https://www.facebook.com/ChinyaliSaurAirport/
करीब दो दशक पहले नागरिक उड्डयन विभाग ने हवाई पट्टी का निर्माण कराया था। तब से हवाई पट्टी का कोई उपयोग नहीं हुआ। अब यहां करीब 47 करोड़ रुपये से हवाई पट्टी के विस्तारीकरण एवं टर्मिनल आदि निर्माण कार्य अंतिम दौर में हैं। यहां 1165 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी हवाई पट्टी का निर्माण कराया गया है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण बीते कुछ समय से भारतीय वायुसेना हवाई पट्टी पर सेना के अभियानों की संभावनाएं तलाश रही है। अब नागरिक उड्डयन विभाग ने भी हवाई पट्टी के जनहित में उपयोग की कवायद शुरू कर दी है।
बुधवार को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने चिन्यालीसौड़ पहुंचकर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत आम नागरिकों के लिए ‘उड़े योजना’ शुरू की जा रही है। इसमें देहरादून से चिन्यालीसौड़ के बीच रियायती दरों पर हेली सेवा संचालित की जाएगी। नागरिक उड्डयन विभाग के चीफ इंजीनियर जी सिथैया ने बताया कि यहां शीघ्र हेली सेवा शुरू करने के लिए टीम ने टर्मिनल एंट्री गेट के साथ ही तीन वॉचिंग टावर एवं दीवार के ऊपर तारबाड़ आदि कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा है। इस मौके पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहायक निदेशक सुरक्षा एनसी पंत, सदस्य सुरक्षा आर राठौर, एसडीएम सौरभ असवाल, थानाध्यक्ष रविंद्र यादव एवं निर्माण कंपनी के परियोजना प्रबंधक घनश्याम सिंह आदि मौजूद रहे।